रॉन्ग साइड चल रहे ट्रक बने जान के दुश्मन, NH-109 पर लगातार हादसे

मोटाहल्दू। राष्ट्रीय राजमार्ग 109 पर गैस प्लांट से बेरीपड़ाव के बीच रॉन्ग साइड (उल्टी दिशा) में चल रहे भारी वाहनों के कारण सड़क हादसों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। क्षेत्र में स्थित स्टोन क्रशरों से उपखनिज लेकर जाने वाले बड़े ट्राले और ट्रक नियमों की अनदेखी कर उल्टी दिशा में चल रहे हैं, जिससे आम लोगों की जान जोखिम में पड़ गई है।

बीते दो दिनों में इस मार्ग पर दो भीषण सड़क हादसे हो चुके हैं, बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ताजा घटना आज प्रातः गैस प्लांट के पास सामने आई, जहां रॉन्ग साइड से आ रहे एक ट्राले के कारण एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन सवार कई लोगों को चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही के चलते ऐसे हादसे लगातार बढ़ रहे हैं।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि रॉन्ग साइड चलने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए और इस मार्ग पर यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *